Display bannar

सुर्खियां

आरती कर यमुना मैया के वास्तविक स्वरूप को किया वंदन

आगरा। वर्षों बाद अपने वास्तविक स्वरूप में प्रकट हुई यमुना मैया की वंदना भारत विकास परिषद् उड़ान शाखा  के सदस्यों ने यमुना किनारा स्थित यमुना आरती स्थल पर आरती और पुष्पांजलि कर की। यमुना मैया और राधा-कृष्ण के खूब जयकारे लगे। मृदंग और मंजीरों संग हरे राम हरे कृष्णा… के संकीर्तन पर भक्ति के नृत्य में भक्तजन ऐसे डूबे कि मानों यमुना मैया के वास्तविक स्वरूप में आने का उत्सव मनाया जा रहा हो। यमुना मैया का विराट स्वरूप देख हर भक्त उत्साहित था। मथुराधीश मंदिर के महंत नंदन श्रोतिया ने यमुना मैया की आरती की । साथ ही देश व विश्व की सुख सम्बृद्धि की कामना के साथ यमुना मैया के वास्तविक स्वरूप को भी बनाए रखने की मनोकामना की । 

संस्थापक मुकेश मित्तल ने कहा कि यमुना मैया का वास्तविक स्वरूप यही है। यमुना मैया के इस वास्तविक स्वरूप को बाढ़ कहने की गलती न करें। हमने ही यमुना मैया के स्थान पर अतिक्रमण किया हुआ है। प्रार्थना की गई कि वर्ष भर यमुना मैया अपने इसी वास्तविक स्वरूप में रहते हुए देश का पालन पोषण करें। जिससे प्राकृतिक संतुलन बना रहे। सभी से यमुना मैया को साफ एवं स्वच्छ रखने के लिए अनुरोध भी किया। इस अवसर पर संस्थापक हरेंद्र मल्होत्रा, संरक्षक रोहन अग्रवाल, अध्यक्ष धर्मेंद्र जैन, सचिव अवधेश गोयल, महिला संयोजिका शशि मल्होत्रा, अजय गर्ग, अल्पी गर्ग, निधि मित्तल, ललिता गोयल, निशा जैन आदि उपस्थित रहे।