Display bannar

सुर्खियां

राज्यपाल के स्वागत को सजा क्वीन एम्प्रेस लाइब्रेरी, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन


आगरा। स्वतंत्रता-पूर्व वर्ष 1900 में स्थापित ऐतिहासिक क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी, सदर बाजार आगरा के पुनर्विकास कार्य का लोकार्पण आगामी 30 जुलाई को महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित लोकार्पण समारोह से पूर्व सोमवार को पुस्तकालय परिसर में आमंत्रण पत्र के विमोचन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगरा स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत नवीनीकृत इस पुस्तकालय का लोकार्पण समारोह न केवल एक औपचारिक आयोजन है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण का प्रतीक भी है।


स्मार्ट सिटी के जीएम अरुण कुमार ने कहा कि क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी का पुनर्विकास स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एक ऐतिहासिक जिम्मेदारी थी जिसे गर्व के साथ पूर्ण किया गया है। यह भवन अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त होकर नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणास्थली बनेगा। डॉ. पंकज महेन्द्रू ने कहा कि “यह केवल एक इमारत नहीं, बल्कि हमारी पीढ़ियों को जोड़ने वाली एक बौद्धिक और ऐतिहासिक कड़ी है। यह पुस्तकालय आगरा की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है।”


डॉ. रेनू महेंद्रू ने कहा कि एक पुस्तकालय किसी भी समाज की आत्मा होता है। इस ऐतिहासिक धरोहर के पुनर्निर्माण से शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिली है। विमोचन कार्यक्रम में अभिनव मौर्य, रोहित करण मांचिस्तान, दिलीप कनौजिया, विनोद बघेल, वंतिका, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।